आईसीसी विश्व कप 2019 खत्म होने के बाद से लगातार भारतीय दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धौनी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। धौनी को संन्यास लेना चाहिए या नहीं इस पर भी तमाम दिग्गज बहस कर चुके हैं। ऐसे में अब भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी अपना पक्ष रखा है। यह माना जा रहा था कि विश्व कप में न्यूजीलैंड के हाथों सेमीफाइनल में हर के बाद धौनी क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, लेकिन 38 साल के महेंद्र सिंह धौनी ने ऐसा नहीं किया।
वेस्टइंडीज दौरे के लिए खुद को अनुपलब्ध बताते हुए वह 15 दिन के लिए भारतीय सेना की सेवा के लिए जम्मू-कश्मीर चले गए। 31 जुलाई से 15 अगस्त तक टैरेटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट रैंक हासिल करने वाले धौनी ने प्रशिक्षण हासिल किया। 16 अगस्त को धौनी कश्मीर से वापस लौट आए और विज्ञापन शूट में बिजी हो गए। धौनी क्रिकेट से ब्रेक का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। उनके भविष्य को लेकर तमाम अटकलें हाशिये पर जा रही हैं।

जब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली से इस बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान को अब खेल से रिटायर होने के बारे में सोचना चाहिए। सौरव गांगुली स्पोर्टस्टार को दिए एक इंटरव्यू में कहा, ”हालांकि यह टीम प्रबंधन पर निर्भर करेगा कि वह इस स्थिति से कैसे निबटता है।” बता दें कि धौनी ने गांगुली के नेतृत्व में ही डेब्यू किया था।
इसके साथ ही सौरव गांगुली ऋषभ पंत को धौनी का उचित विकल्प मानते हैं। उन्होंने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता। यह सब टीम प्रबंधन पर निर्भर करता है। जाहिर है धौनी अब युवा नहीं है और हर खिलाड़ी के जीवन में यह दिन आता है। इसलिए हमें इंतजार करना चाहिए, कम से कम तीन चार महीने और देखना चाहिए कि चीजें किस करवट जाती हैँ।”

उन्होंने कहा, ”ऋषभ पंत टीम में हैं। वह अच्छा खेलते हैं। यह चयनकर्ताओं के माइंडसैट पर निर्भर करेगा कि क्या वे भविष्य की ओर देखना चाहते हैं। समय ही इस बात का जवाब देगा।” बता दें कि सचिन तेंदुलकर के बाद महेंद्र सिंह धौनी दूसरे 350 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। विश्व कप में धौनी की धीमी पारियों की काफी आलोचना हुई। उन्होंने 87.78 की स्ट्राइक रेट से 273 रन वर्ल्ड कप में बनाए। उनका औसत 45 का रहा। ऋषभ पंत फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में पहले विकल्प के रूप में सामने आए हैं, धौनी ने इस दौरे के लिए खुद को अनुपलब्ध बताया था।