आज जो कश्मीरियों के साथ हुआ है, वह कल हम सबके साथ होगा: अखिलेश यादव

#UP #INDIA : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद जम्मू-कश्मीर के सूरत-ए-हाल पर चिं’ता जाहिर करते हुए सोमवार को कहा कि आज जो कश्मीरियों के साथ हुआ है, वह कल हम सबके साथ होगा. अखिलेश ने संवाददाता सम्मेलन में अनुच्छेद 370 से जुड़े एक सवाल पर कहा ‘आज 20 दिन से ज्यादा हो गये, लोग घरों में कैद हैं. पत्रकार हमें बताएं कि आखिर वहां क्या हो रहा है? सरकार का इतना ही अच्छा फैसला था तो उसने इसे लेने से पहले लोगों से क्यों नहीं पूछा?’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कश्मीर के सूरत-ए-हाल को लेकर तंज करते हुए कहा ‘अनुच्छेद 370 हटाने का मुद्दा भाजपा के घोषणापत्र में था. क्या (इसे हटाने को लेकर) वहां के लोगों में वही खुशी है जो उन्होंने सड़कों पर मनायी. जो उनके साथ हुआ है वह कल हमारे-आपके साथ भी होगा.’ गौरतलब है कि आजमगढ़ से सांसद अखिलेश ने अनुच्छेद 370 हटाये जाने के औचित्य पर लोकसभा में भी सवाल उठाये थे.

वहीं दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस व अन्य पार्टियों के नेताओं ने बिना अनुमति के जम्मू एवं कश्मीर जाकर केंद्र सरकार और प्रदेश के राज्यपाल को राजनीति करने का मौका दे दिया है. उन्होंने ट्वीट मे कहा, “राज्य के हालात अभी ठीक नहीं हैं, ऐसे में हाल ही में बिना अनुमति के कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं का कश्मीर दौरा करना, राज्यपाल और केंद्र को राजनीति करने का मौका देने जैसा है. वहां की यात्रा पर जाने से पहले थोड़ा विचार विमर्श कर लिया जाता तो उचित होता.”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.