पूर्व कप्तान मिस्बाह उल-हक को बुधवार को पाकिस्तान क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया गया है जबकि वकार यूनुस टीम के बॉलिंग कोच होंगे. इन दोनों की नियुक्ति तीनों फॉर्मेट में तीन साल के लिए की गई है. इसके अलावा,मिस्बाह को छह प्रथम श्रेणी क्रिकेट संघों के मुख्य कोचों का नेतृत्व करने के लिए चयनकर्ताओं का अध्यक्ष भी चुना गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अनुसार, मिस्बाह को भर्ती की प्रक्रिया का संचालन कर रहे पांच सदस्यीय पीसीबी पैनल ने सर्वसम्मति से चुना.

मई 2017 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मिस्बाह ने कहा, “मैं उन महान लोगों के समूह में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं जिन्होंने पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को कोचिंग दी है. यह एक सम्मान की बात है और उससे ज्यादा यह एक बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि हम क्रिकेट को जीते हैं.” उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि मुझसे बहुत उम्मीदें हैं, लेकिन मैं कार्य के लिए पूरी तरह तैयार हूं. अगर ऐसा नहीं होता तो मैं पाकिस्तान क्रिकेट में सबसे चुनौतीपूर्ण एवं प्रतिष्ठित भूमिकाओं में से एक के लिए अपना नाम आगे नहीं करता.”
