#PATNA : गाड़ी वाला आया, देखो कचरा निकाल..,नही दिया कचरा तो लगेगा जुर्माना

#PATNA #BIHAR #INDIA : गाड़ी वाला आया, देखो कचरा निकाल… नगर निगम की गाड़ियां यह गीत गाकर शहर से कचरा तो उठा ही रहीं हैं, अब आने वाले समय में घरों से एक जैसी कचरा पेटी भी निकलेंगी, क्योंकि निगम शहर के हर घर में दो-दो कचरा पेटियां मुफ्त में बांटने जा रहा है। एक सूखे कचरे के लिए और दूसरी गीले कचरे के लिए। इसकी शुरुआत जल्द ही होने वाली है।

ठोस कचरा अपशिष्ट प्रबंधन के तहत अब शहर के प्रत्येक घर को एक-एक डस्टबिन उपलब्ध कराने की नगर निगम तैयारी कर रहा है। शुरुआती दौर में प्रत्येक अंचल के एक वार्ड में एक सेक्टर को लक्ष्य बनाकर डस्टबिन दिया जाएगा। इसके लिए वार्ड के सेक्टर में परिवारों की गिनती करने का काम शुरू हो गया है। परिवारों की संख्या के हिसाब से नगर निगम डस्टबिन उपलब्ध कराएगा। इस डस्टबिन की विशेषता यह होगी कि सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखना होगा और नगर निगम के डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने वाली टीम को उपलब्ध कराना होगा। यह टीम गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखकर निगम के अस्थायी कचरा पड़ाव केंद्र तक पहुंचाएगी। यहां से कचरा अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट तक पहुंचेगा।

नहीं दिया कचरा तो लगेगा जुर्माना : नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में ऐसी कचरा पेटियां बांटी जाएंगी जो किचेन में भी रखी जा सकें। जिनको यह डस्टबिन मिल जाएगा, उनकी जिम्मेदारी होगी कि वह प्रतिदिन घर के कचरे को कचरा गाड़ी में डालें। अगर कोई कचरे को गाड़ी में न डालकर कहीं बाहर फेंकता हुआ पाया गया या फिर डस्टबिन लेने के बाद कचरा नियमित नहीं दे रहा होगा तो उस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

नये नगर निगम आयुक्त अमित कुमार पांडेय की पहली प्राथमिकता शहर को कचरामुक्त करना है। सड़कों पर फेंके जा रहे कचरे पर सख्त होते हुए आयुक्त ने सफाई योजना का जायजा लिया। तब उन्हें पता चला कि शहर में अभी तक घरों को डस्टबिन बांटे ही नहीं गए हैं। उन्होंने तत्काल सफाई शाखा को आदेश दिया कि अंचल स्तर पर घरों में डस्टबिन उपलब्ध कराने का काम शुरू किया जाए। पहले चरण में एक वार्ड के एक सेक्टर को चयनित किया जाए। लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए, फिर शहर के हर घर में डस्टबिन दिया जाए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading