गोरखपुर, (जेएनएन)। गोरखपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर साफ तौर पर कुछ भी बोलने से बचे। उन्होंने कहा कि मामला सर्वोच्च न्यायालय में है। अनुकूल परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, निर्णय आने के बाद भव्य मंदिर बनेगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए गोरखपुर आए हैं। सर्किट हाउस पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में बाबरी नाम की किसी इमारत का कोई नामोनिशान नहीं था। मन्दिर निर्माण का मामला सर्वोच्च न्यायालय में है। कुछ दिनों बाद इस मामले की रोजाना सुनवाई होगी।
हमें अनुकूल परिणाम की उम्मीद है। अनुकूल परिणाम आते ही हम वहां भव्य मंदिर बनाएंगे। उद्धव ठाकरे के अयोध्या आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई भी रामभक्त वहां दर्शन को आ सकता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे।