#BIHAR #INDIA : स्वच्छता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्लास्टिक मुक्त भारत का आह्वान किया है। बिहार भी प्रधानमंत्री के इस अभियान में कदमताल करेगा। बिहार अब प्लास्टिक मुक्त दीपावली मनाने की तैयारी में जुटेगा। राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी नगर निकायों को आदेश जारी किया है। दो अक्टूबर को प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की शपथ ली जाएगी।

दो अक्टूबर पर पूरे देश को ओडीएफ यानी खुले में शौच से मुक्त घोषित किया जाएगा। बिहार भी इसमें शामिल होगा। राज्य में शहर से लेकर गांव तक इसकी तैयारी चल रही है। उधर, स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन का अभियान अलग चल रहा है। मगर अब सिंगल यूज्ड प्लास्टिक पर भी राज्य का फोकस रहेगा। सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने सभी शहरी निकायों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। बिहार में 11 सितंबर से प्लास्टिक के खिलाफ शंखनाद होगा। दो अक्टूबर से प्लास्टिक बंद करने को अभियान चलेगा। निकायों को तिथिवार कार्यक्रम भेजने के साथ ही उन्हें अपना कार्यक्रम विभाग को भेजने को कहा गया। सभी शहरों में तीन से 27 अक्टूबर तक प्लास्टिक के संग्रहण, प्रसंस्करण के साथ ही प्लास्टिक मुक्त दीपावली की तैयारी की जाएगी।

तीन से सात अक्टूबर तक प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर कलेक्शन सेंटर तक लाया जाएगा। छह से 10 अक्टूबर के बीच री-साइकिल होने वाले और न होने वाले प्लास्टिक को अलग किया जाएगा। वहीं 11 से 27 अक्टूबर तक सारे प्लास्टिक को री-साइकिल के लिए संबंधित उद्योगों को भेज दिया जाएगा।

