
MUZAFFARPUR : देश में बेरोजगारी का आलम यह है कि एमबीए, और एमफिल किये युवक बेरोजगार हैं। चौथी श्रेणी की नौकरी के लिये भी आवेदन करते देखे जा रहे हैं। उन सभी बेरोजगार युवकों के लिये एक बहुत अच्छी खबर है। मुजफ्फरपुर शहर में बड़े पैमाने पर नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आज से लग रहा है। लंगट सिंह कॉलेज के प्रांगण में लगनेवाले इस तीन दिवसीय मेले में देशभर की लगभग 60 नामचीन कंपनियां शिरकत कर रहीं और इसमें कम से तीन हजार छात्र-छात्राओं को नियोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा व नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुरेश कुमार शर्मा मेले का उद्घाटन करेंगे और मौके पर ही शिक्षित बेरोजगारों को ऑन द स्पॉट ऑफर लेटर भी प्रदान किया जाएगा।
इस मौके पर स्थानीय भाजपा सांसद अजय निषाद, सभी विधायक, जिप अध्यक्ष, महापौर सुरेश कुमार, उपमहापौर मान मर्दन शुक्ला के अलावा जिलाधिकारी मो. सोहेल व कुलपति डॉ. अमरेंद्र नारायण यादव भी उपस्थित रहेंगे। श्रम संसाधन विभाग व राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में यह सुनहरा मौका प्राप्त हो रहा है। नियोजन मेले को सफल बनाने हेतू गुरुवार को प्राचार्य कक्ष में शिक्षकों व संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आहुत हुई।
इस मौके पर उपनिदेशक नियोजन, पटना, मनोज शर्मा, संयुक्त निदेशक नियोजन, पटना, अच्छेलाल कुमार, उपनिदेशक नियोजन, मुजफ्फरपुर, राममोहन झा, सहायक निदेशक नियोजन मुजफ्फरपुर के मानकेश्वर पंडित तथा लंगट सिंह महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. संजीव मिश्रा, ललित किशोर आदि भी मौजूद रहे।