
PATNA : लोजपा सांसद वीणा देवी के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक मुंगेर से लोक जनशक्ति पार्टी की सांसद वीणा देवी के बेटे आशुतोष सिंह की उत्तर प्रदेश में नोएडा एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई है. वीणा देवी बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा निवासी पूर्व सांसद सूरजभान की पत्नी हैं और मुंगेर से सांसद हैं.

जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब सांसद पुत्र आशुतोष कहीं से वापस लौट रहे थे. इससे पहले लोजपा के ही एक अन्य सांसद रामा सिंह के बेटे की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी. रामाशंकर सिंह उर्फ राम सिंह के बेटे राजीव प्रताप सिंह की उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी.केनरा बैंक में प्रोबेशनरी अफसर राजीव सिंह होंडा सिटी कार में पटना की तरफ से आ रहे थे इसी दौरान ट्रक को ओवर टेक करने के दौरान कार पलट गई थी. वे शिमला से खुद गाड़ी चलाकर आ रहे थे कि इलाहाबाद के पास दुर्घटना हो गई.
वीणा देवी के बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद पूरा परिवार शोकाकुल है.
परिवार के लोग शव को लाने दिल्ली निकल चुके हैं. जानकारी के मुताबिक सांसद पुत्र के शव को उनके पिता सूरजभान सिंह शाम चार बजे तक चार्टर्ड विमान से पटना लेकर पहुँचेंगे.
वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि हादसे की जानकारी मिलते ही सुरजभान सिंह मौके पर पहुंच गए थे. वहीं यूपी पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आपको बता दें कि जिस गाड़ी से हादसा हुआ है उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.