कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम रविवार से यहां दक्षिण अफ्रीका के साथ शुरू होने वाली तीन मैचों की द्विपक्षीय सीरीज के साथ ही विश्व टी20 खिताब को हासिल करने की तैयारियों में जुट जाएगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 3-0 की जीत इन तैयारियों की शुरुआत थी, जिसने वनडे विश्व कप की निराशा को कुछ हद तक दूर किया। टीम की असली परीक्षा अब क्विंटन डिकॉक और कगिसो रबाडा के खिलाफ इस सीरीज के साथ शुरू होगी। रबाडा का अच्छा स्पैल और डेविड मिलर का प्रदर्शन भारतीयों के लिए चुनौती पेश कर सकता है जबकि फॉफ डुप्लेसी और हाशिम अमला की अनुपस्थिति में कुछ अन्य टेस्ट विशेषज्ञ जैसे टेम्बा बावुमा या एनरिक नार्जे अपनी अहमियत साबित करना चाहेंगे।

अगले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व टी20 के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने की मुहिम में कप्तान कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री के लिए लगभग 20 मैच बचे हैं। अब भी कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब टीम प्रबंधन को अगले 13 महीनों में देना होगा और इस दौरान आईपीएल भी आयोजित किया जाएगा।

रिकॉर्ड बुक
कुल 13 टी-20 मैच भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका से खेले हैं
8 मुकाबले भारत ने जीते, पांच में उसे हार मिली
6 मैच भारत ने घर में दक्षिण अफ्रीकी टीम से खेले
2 मैच टीम इंडिया ने जीते और चार में हार झेली
मौसम का मिजाज
धर्मशाला में रविवार को बादल छाए रहेंगे और बारिश के भी आसार हैं।

पिच रिपोर्ट
धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों की मदद करेगी। बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा।
कुछ ऐसा हो सकता है दोनों टीमों का प्लेइंग इलेवन:
भारत का संभावित प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, क्रुणाल पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर और नवदीप सैनी।
