“आँखें पथरायी तेरे इंतजार में ओ विकास “

कह रहिन ककाजी / मनोज : विकास – विकास – विकास । सुन – सुनकर कान पक रहे थे । कब आएगा विकास । लोग राह तक रहे थे । बुनियादी अर्थों मेंं । विकास का चिंतन था । चौक – चौराहे से लेकर चाय – चौपाल पर । विकास ही मंथन था । कोई कहता विकास आयेगा । कोई कहता जो है विकास । वह भी गर्त में मिल जाएगा । कहने वाले बताते चंद्रयान, राफेल वायुयान, पुलवामा , पाकिस्तान । पुछने वाले चीखते। क्या इससे बच जायेगा अभिमान । सँवर पायेगा हमारा हिन्दुस्तान । शहर के हालात । नित प्रतिदिन बढते वारदात । हत्या – अपहरण , लूट- छीनतई, अत्याचार – व्याभिचार । क्या इन मुद्दे पर सजग है सरकार । राह चलते निर्दोष की हत्या । अबला से छीना – झपटी । रोज – रोज की लूट । गबन की छूट ।

ककाजी चिंतन में थे । सालों से विकास के पुकार पर । अच्छे दिन के इंतजार पर । क्या – क्या सपने दिखाए थे । गैस के दाम पर ।पेट्रोल के नाम पर । काला धन वापस लायेंगे । हर खाते में लाखों जमा करायेंगे । मुनिया सुरक्षित होगी । विकास आरक्षित होगा ।हर हाथ को मिलेगा काम । देश का विश्व मानचित्र पर बढ़ेगा नाम ।

ककाजी जी तब ख्वाहिशें पाल बैठे थे । कितना अच्छा होगा । देश में सदाचार बढ़ेगा । भ्रष्टाचार का नाम मिटेगा । सबका साथ होगा । हर कदम विकास होगा ।वैसे भी माहौल कितना गंदा हो चला है । टू जी स्पेक्ट्रम से कोयला घोटाले तक । राष्ट्रमंडल खेल से ताबूत सजाने तक । वर्दी से लेकर बाढ़ मिटाने तक । सिर्फ – सिर्फ और सिर्फ हो रहा था भ्रष्टाचार । व्याभिचार । तभी दामिनी सरेआम नंगी की जा रही थी । नवरूणा घर से खींच कर मारी जा रही थी । माल्या – मोदी देश लूट ले जा रहे थे । घर से हँसते निकल विदेशों में शरण पा रहे थे ।अन्ना का हाल बूरा था ।फिर भी नजर लोकपाल पर गड़ा था ?

मन बोला । चलो परिवर्तन होगा तो नये आयाम बनेंगे । देश के लूटे पकड़े जायेंगे । घोटालेबाज सजा पायेंगे । उम्मीद बढी । बदलाव लायेंगे । जब मुखिया करेंगे विकास ! फिर क्युँ न अच्छे दिन आयेंगे ?

लेकिन बातों – बातों में एक नही, दो नहीं, पाँच साल गुजर गये ।कैसा बनना था आशियाँ । लेकिन बना बनाया गुलशन उजड़ गये । न आईडीपीएल का ताला खुला ।न चीनी मिलों ने धुंआ उगला । न औद्योगिक विकास हुआ । उल्टे बटलर के सायरन बंद हो गये । कर्मचारी सड़क पर आ गये। वे जोड़ने लगे । विकास का इतिहास। जिसका जो जितना उड़ा रहे थे उपहास । आज वही कर रहे थे विकास । चोरी – डकैती लूट – हत्या – अपहरण का जारी था व्यापार । फ़र्क इतना था कल बच जाते थे दस – बीस – सौ- हजार में ।आज देने पड़ रहे थे बड़े – बड़े उपहार । चहुँओर मचा है । आज भी हाहाकार । पेट्रोल- डीजल की बढ़ती कीमत । माँ बहन की लूटती अस्मत । गरीबों की फूटी किस्मत। दाल – टमाटर की बढ़ती बोली। बात- बात पर चलती गोली । गिरती लाशें ।लूटते जज्बात । मुखिया करते बस । मन की बात ।

मंथन के इसी दौर में ।भुजंगी ने चाय पिलाया । थोड़ा झुंझलाया फिर सुर में सुर मिलाया । किस चिंतन में पड़ गये साहेब । हाथी के दो दाँत हैं जैसे । नेतवन होते सब एक जैसे । ऊपर से चाहे जितना लड़ लें । अंदर से इनकी होती यारी । उनके राज में ‘साह’ थे मुजरिम। इनमें ‘चिदंमबरम’ है सरदार। कोई तड़ीपार। कोई जेल में यार। न वो साधु था। न ये हैं संत। क्या होगा इनके पाप का अंत । जुमले चाहे लाख उड़ा लें । ठाठ – वाट इनको प्यारी । वरना क्या मजाल । नीरव भाग जाता । माल्या बैंक का लोन न चुकाता । कालाधन वापस न आता । भ्रष्टाचारी जेल न जाता ।क्यों दामिनी लूटी जाती । बेटियाँ मारी जाती । सरेआम विधायक खून बहाते । सड़क पर पुलिस गोली न खाती । मंत्री अहम से न ऐसे इतराते । कि प्रतिनिधि की जगह माई बाप बन जाते।

साहब जब आप ही कवच बन जाओगे । क्या चोरो को पकड़ पाओगे । सच तो यही है विकास गुम है उधेड़बुन में । बस गद्दी है आज मून (चाँद) में। मची रहे चहुँओर जय जयकार । सरकार को बस इतनी दरकार । नमो – नमो , नमो – नमो । चाहे जितना जप लो भाई । खेल चलेगा वही पुराना । मंदिर – मस्जिद , ऊँच – नीच , भेदभाव की खाई । राज करेंगे जैसे हो मिलजुल । चोर – चोर मौसेरे भाई !*

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading