हिन्दुस्तान पूर्वोदय 2019 में गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर से लेकर एनआरसी पर पर अपनी राय रखी। बुधवार को हिन्दुस्तान के कार्यक्रम हिन्दुस्तान पूर्वोदय 2019 में गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमला किया और चुनाव से पहले उनकी घोषणाओं पर सवाल खड़े किए। आने वाले विधानसभा चुनावों में जीत भरोसा जताते हुए अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बताएं कि चुनाव से पहले इतनी घोषणाएं क्यों। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने अगर सत्ता में आते ही यह किया होता तो इसकी (घोषणा) जरूरत ही नहीं पड़ती।

अमित शाह ने कहा कि प्रचंड बहुमत के साथ झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र में हम सत्ता में आएंगे। दिल्ली के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में भी हम जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को भी पता लग गया है कि पिछली बार का प्रयोग विफल रहा है। हम दिल्ली एमसीडी में जीते हैं। इसलिए दिल्ली में भी जीतेंगे। दिल्ली सरकार ने वादे ढेरों किए लेकिन बताएं कि कितने पूरे किए। केजरीवाल बताएं कि चुनाव से पहले इतनी घोषणाएं क्यों। सत्ता में आते ही यह किया होता तो इसकी जरूरत ही नहीं पड़ती।

एनआरसी के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि पूरे देश में यह लागू होना चाहिए। 2019 चुनाव में हमने लोगों से कहा था कि हम एनआरसी लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई भी ऐसा देश नहीं है जहां पर कोई भी जाकर बस सकता है तो फिर भारत में क्यों। न केवल असम बल्कि पूरे देश में हम एनआरसी लेकर आएंगे हमने देश की जनता से वादा किया है इसका नाम है नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन इसका नाम नेशनल रजिस्टर ऑफ असम नहीं है। देश की जनता को इस पर फैसला करने का अधिकार है। क्या आप अमेरिका, इंग्लैंड जाकर बस सकते हैं? तो फिर भारत में कोई भी कैसे बस सकता है।

