#PATNA : गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि, बढ़ रही मु’श्किलें

#PATNA #BIHAR #INDIA : गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से दियारा के दर्जनों गांवों में घर से लेकर सड़क तक पानी पहुंच गया है। पानी बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को लोगों का पलायन शुरू हो गया। वहीं कुछ इलाके के लोग बाढ़ को देखते हुए रोजमर्रा के सामान ले जाते हुए दिखे।

दानापुर में लोगों ने बताया कि तटवर्ती शंकरपुर, हरशामचक, नवदियरी, कासिमचक, हेतनपुर, पुरानी पानापुर समेत दियारे के प्राय: सभी गांवों के बाहरी इलाकों में नदी का पानी फैल गया है। एसडीओ अंशुल कुमार ने बताया कि अभी जल स्तर खतरे के निशान से नीचे है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अंचलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। देवना नाले में जल स्तर 167.30 मापा गया है, जबकि खतरे का निशान 168 फुट है। सहायक अभियंता विजय कुमार प्रिंस ने बताया कि जलस्तर अभी प्रति घंटे आधा सेमी बढ़ रहा है। पूर्व जिला पार्षद ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। सरकार नाव नहीं चलवा रही है। इस संबंध में अंचलाधिकारी से बात करने की कोशिश की जा रही है पर फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। सरकारी नाव नहीं चलने से दियारावासी अपने-अपने गांवों व टोलों में बंधकर रह गए हैं।

अथमलगोला में रामनगर दियारा सहित तटीय इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। रामनगर दियारा गांव के कई वार्ड पानी से पूरी तरह घिर गये हैं। सड़क से घर तक पानी पहुंच गया है। गणपत राय के टोला में सड़क पर पानी आ गया है। वहीं रामनगर करारी कच्छार पंचायत के गंगा तटीय इलाकों में भी लगातार पानी का दबाव बना हुआ है। धौकल राय के टोला एवं गंजपर गांव के तटीय क्षेत्र में पानी फैल रहा है।

गुरुवार को बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी सुमित कुमार, बीडीओ अमित अनुराग, सीओ पंकज कुमार ने बाढ़ प्रभावित रामनगर दियारा गांव का दौरा किया और अधिकारियों को हालात पर नजर रखने के निर्देश दिये। एनडीआरएफ का दस्ता रामनगर पहुंच गया है। खुसरूपुर के बैकठपुर दियारे में गंगा का पानी फैल गया है। गुरुवार को पानी पुराने एनएच 30 तक पहुंच गया। बाढ़ के कारण दियारे की फसलें डूब गई हैं।

मनेर: टूट रहा संपर्क
मनेर दियारा के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। प्रभावित लोग अंधेरे में जरूरत के कार्य के लिए जान को जोखिम में डालकर मनेर शहर आने को विवश हैं। नाव की व्यवस्था करने की गुहार अब तक अनसुनी है। बाढ़ के पानी से हल्दी छपरा, दुधेला, सात अना, महावीर टोला, इस्लामगंज, धजवा टोला, नया टोला, छिहत्तर, मुंजी टोला समेत आधा दर्जन से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित है। वहीं मनेर शहर से संपर्क भंग हो चुका है। लोगों ने बताया कि रात के अंधेरे में किसी तरह की जरूरत पड़ने पर गर्दनभर पानी में घुसकर आने-जाने को विवश हैं। जहरीले कीड़े-मकोड़ों का भी सामना करना पड़ रहा है।

फतुहा: छूट रहा स्कूल
गंगा-पुनपुन के जल स्तर में वृद्धि से गढ़ोचक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राज कुमार ने बताया कि स्कूल में भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इस वजह से बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है। इसकी जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दे दी गई है।

Source : live hindustan

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading