#MUZAFFARPUR : 105 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन, #AES से नही म’रेगा कोई बच्चा- #CM

#MUZAFFARPUR #BIHAR #PATNA : श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज (एसकेएमसीएच) परिसर में मंगलवार को 105 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार से एईएस के उन्मूलन के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। अगले साल एईएस से एक भी बच्चे की मौत न हो, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस पीआईसीयू और रिसर्च सेंटर का काम तेजी से चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने सौ बेड के पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंसेटिव केयर यूनिट) का शिलान्यास और एमसीएच (मदर चाइल्ड हॉस्पिटल) का उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वे लोगों की बातों की चिंता किए बिना काम कर रहे हैं। जिन्हें विकास से कोई वास्ता नहीं होता है वे हमेशा तथ्यहीन बातें करते हैं। उनकी सरकार बेहद संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

सीएम ने कहा कि एईएस इस इलाके की बेहद खतरनाक बीमारी है। इसे खत्म करने की दिशा में हर संभव प्रयास किया जा रहा है। चिकित्सकीय सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही कुपोषण खत्म करने और जागरूकता अभियान पर बल दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही गांवों में स्कूलों की संख्या बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एईएस के पीछे कोई एक कारण नहीं है। एईएस के प्रकोप के बाद ऐसे परिवारों का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कराया गया था। उसमें कई बिन्दु सामने आए हैं। जलवायु परिवर्तन, कुपोषण, अशिक्षा जैसे बिन्दु उभरकर सामने आए हैं। सरकार सभी बिन्दुओं पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय की सभी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। इससे समाज के सबसे अंतिम पायदान पर रहने वाले लोगों को भी भरपूर लाभ मिलेगा। जनसंख्या नियंत्रण पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों को शिक्षित कर इस पर सफलता पाई जा सकती है। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली योजना को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए सबको आगे आना होगा।

बच्चों के लिए 100 बेड की पीआईसीयू पर काम शुरू
मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास के साथ ही उत्तर बिहार के लिए बहुप्रतिक्षित सौ बेड के पीआईसीयू का निर्माण शुरू हो गया है। इसमें बच्चों की गहन चिकित्सा व्यवस्था होगी। उत्तर बिहार में एईएस के कहर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इस पीआईसीयू की घोषणा तीन माह पहले ही की थी। इसके अलावा 250 बेड का नर्सेस छात्रावास, ट्रॉमा सेंटर, बीएससी नर्सिंग कॉलेज का भी शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री ने 1500 बेड के नए अस्पताल भवन की घोषणा की थी, उसका भी शिलान्यास कर दिया गया। पुराने अस्पताल भवन के जीर्णोद्धार के लिए भी 27.10 करोड़ रुपये के योजना का शिलान्यास किया गया।

Source : live hindustan

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading