#BiIHAR #INDIA : पांच सितंबर को विद्यालय से अनुपस्थित रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं का एक दिन का वेतन कटेगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने बुधवार को जिलों को आदेश जारी किया है।

शिक्षा विभाग ने जारी आदेश में कहा है कि पूर्व में आदेश दिया गया था कि पांच सितंबर को सभी विद्यालयों में शिक्षक दिवस समारोह होंगे और इस दिन विद्यालय में अनुपस्थित रहे शिक्षक- शिक्षिकाओं को अनधिकृत रूप से गैरहाजिर माना जाएगा। इसलिए आदेश दिया गया था कि अनधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षक- शिक्षिकाओं का पांच सितंबर का एक दिन का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखा जाये।

गौरतलब है कि शिक्षक संगठनों ने ‘समान काम, समान वेतन’ की मांग को लेकर गत पांच सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया था और शिक्षकों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी। हालांकि शिक्षा विभाग ने उनकी उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया था। विभाग ने पहले चार सितंबर को सभी जिला और प्रखंड स्तर के शिक्षा पदाधिकारियों को अनुपस्थित शिक्षकों की रिपोर्ट छह सितंबर तक विभाग को भेजने के निर्देश दिए थे। हालांकि फिलहाल विभाग के पास अनुपस्थित शिक्षकों का कोई अधिकृत आंकड़ा नहीं है। ऐसे में जिलों को ही कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

