बेगूसराय. मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में आरोपी और पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा ने सोमवार को बेगूसराय के मंझौल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस काफी समय से चंद्रशेखर की तलाश कर रही थी। उसके खिलाफ कोर्ट ने 14 सितंबर को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इस बात की तैयारी चल रही थी कि अगर वो जल्द सरेंडर नहीं करता है तो उनके घर की कुर्की जब्ती की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को लगाई थी फटकार
25 अक्टूबर को बालिका गृह कांड मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और बिहार सरकार को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने पूछा था कि चंद्रशेखर वर्मा का पता लगाने में इतनी देरी क्यों हो रही है। अदालत ने कहा कि पूर्व मंत्री और उसके पति के घर से भारी तादाद में हथियार मिले थे, इसकी जांच की जाए।
14 सितंबर को जारी हुआ था वारंट
आर्म्स एक्ट में पटना हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद 14 सितंबर को चंद्रशेखर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
घर से मिली थी बंदूक की गोलियां
बालिका गृह मामले की जांच कर रही एसआईटी ने बेगूसराय स्थित चंद्रशेखर वर्मा के घर छापा मारा था। इस दौरान पुलिस को बंदूक की 50 गोलियां मिली थी।
बालिका गृह मामला सामने आने बाद थे फरार
बालिका गृह मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के साथ मंजू वर्मा के करीबी संबंध होने के आरोप लगे थे। आरोप था कि चंद्रशेखर कई बार बालिका गृह गए थे। मामले सामने आने के बाद से ही चंद्रशेखर फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
समाज कल्याण विभाग को भेजी रिपोर्ट में हुआ था मामले का खुलासा
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस (टीआईएसएस) की राज्य समाज कल्याण विभाग को भेजी गई रिपोर्ट में इस मामले का खुलासा हुआ था।
मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में 30 लड़कियों से कथित रेप का आरोप है। 42 लड़कियों का मेडिकल किया गया था। इनमें में 34 लड़कियों के यौन शोषण की पुष्टि हुई थी।
31 मई को 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इनमें बृजेश ठाकुर का भी नाम था। इसके बाद सीबीआई ने इस मामले की जांच शुरू की।
जिस एनजीओ द्वारा शेल्टर होम का संचालन किया जा रहा था, उसे ब्लैक लिस्ट कर दिया गया। लड़कियों को पटना और मधुबनी के शेल्टर होम में भेजा गया।
इस मामले में मुजफ्फरपुर शेल्टर होम की महिला कर्मचारी और ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है।
ठाकुर के करीबी बताए जा रहे चंद्रशेखर वर्मा को भी आरोपी बनाया गया है। उसकी पत्नी मंजू वर्मा ने इस केस के सामने आने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।