#PATNA : अगले 48 घंटे में उच्च क्षमता के पम्पों से जल जमाव में लाएं कमी- उपमुख्यमंत्री

#PATNA #BIHAR #INDIA : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मंत्रियों, स्थानीय विघायकों व पटना नगर निगम, बुडको तथा नगर विकास विभाग के आला अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर जल जमाव प्रभावित इलाकों में उच्च क्षमता के पम्प लगा कर जमे हुए पानी में अगले 48 घंटे में उल्लेखनीय कमी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि कोल इंडिया, एनटीपीसी और कल्याणपुर सिमेंट से मंगाए गए उच्च क्षमता के पम्पों के जरिए कंकड़बाग और राजेन्द्र नगर जैसे सर्वाधिक प्रभावित इलाकों से पानी को निकाला जायेगा। बैठक में अन्य अलग-अलग मुहल्लों में जमे पानी को 50 नए पम्पों के जरिए युद्ध स्तर पर निकालने के साथ ही जल संसाधन विभाग से भी पम्प मंगाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने पटना में कार्यरत एक-एक सम्प हाउस की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे मुस्तैद रह कर सम्प हाउस संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल जमाव प्रभावित इलाकों से अगले 48 घंटे में कम से कम 2 फीट पानी को हर हाल में निकाला जाए ताकि लोगों को राहत मिल सकें।

बैठक में पथ निर्माण मंत्री सर्वश्री नन्द किशोर यादव, नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा,उद्योग मंत्री श्याम रजक, विद्यायक सर्वश्री अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, संजीव चैरसिया, श्रीमती आशा सिन्हा व विधान पार्षद रणवीर नन्दन के साथ ही नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद व नगर आयुक्त अमित कुमार पाण्डेय आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.