#PATNA : पुनपुन का एकमात्र मुख्य बाजार बंद होने के कगार पर, बाजार में घुसा पुनपुन नदी का पानी

#PATNA #BIHAR #INDIA : बुधवार की सुबह चार बजे पुनपुन नदी का पानी पुनपुन के मुख्य बाजार में प्रवेश कर गया। लोग जब सुबह उठे तो उनके दरवाजे तक पानी पहुंच चुका था। मंगलवार को ही इस बात की आशंका थी कि देर रात तक नदी का जलस्तर बढ़कर बाजार में घुस जाएगा। हुआ भी वही। बाजार के पांच से छह परिवार को धर्मशाला में शरण लेना पड़ा है।

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि बाजार से पानी निकाला भी नहीं जा सकता है क्योंकि पानी निकासी का कोई विकल्प ही नहीं है। यहां का पानी तभी निकलेगा जब पुनपुन नदी का जलस्तर घट नहीं जाए। जबतक नदी का जलस्तर घटेगा नहीं तबतक मुख्य बाजार में बाढ़ का पानी जमा रहेगा। अभी बाढ़ का पानी आधा फीट तक ही पहुंचा है। नदी का जलस्तर जिस हिसाब से बढ़ रहा है उसके मुताबिक दुकानों में पानी घुसने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। ऐसे में पुनपुन का एकमात्र मुख्य बाजार बंद होने के कगार पर पहुंच जाएगा। अभी से ही लोग चिंता करने लगे हैं।

वार्ड पार्षद नरेश प्रसाद ने बताया कि बाजार में यह बाढ़ का पानी तीन साल पहले थोड़ा सा आया था। लेकिन इस बार उससे भी ज्यादा आ चुका है और यह लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस बाजार में करीब 700 दुकाने हैं। सभी तरह के सामानों के लिए इस इलाके के लोग इसी बाजार पर निर्भर हैं। प्रशासन के लोग घूम रहे हैं लेकिन कोई इस समस्या से निपटने के लिए कोई उपाय अभी तक नहीं किया गया है। बाजार में बाढ़ का पानी आने से वार्ड नौ, 10, 11 और 13 के लोग परेशान हो रहे हैं। इन सभी वार्डों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। ऐसी ही स्थिति रही तो पुनपुन तिर्थस्थल पर पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा। बाजार के अंतिम छोर पर पानी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। कई घरों में पानी आ चुका है। जितेन्द्र केसरी के घर में पानी आने से उनके परिवार को धर्मशाला में शरण लेना पड़ा है। उनके परिवार के सदस्य छोटू ने बताया कि अभी और लोगों को बाजार छोड़ना पड़ेगा। पानी घुसकर बाजार करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.