#PATNA #BIHAR #INDIA : पटना में जलजमाव के मद्देनजर इस बार इस बार विजयादशमी पर आठ अक्टूबर को रावण वध समारोह सादगी के साथ प्रतीकात्मक ढंग से होगा। छह-सात के बदले केवल दो झांकियां ही निकलेंगी। बैंड बाजा का इस्तेमाल नहीं होगा। आतिशबाजी भी कम होगी। रावण वध के पहले यूथ हॉस्टल फ्रेजर रोड से राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान और सीता, हनुमान और बानर सेना की झांकी निकाली जाएगी। नौ अक्टूबर को बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में भरत मिलाप के आयोजन के साथ दशहरा समारोह संपन्न होगा। बक्सर के श्रीमन्न नारायण टीम भरत मिलाप और रावण वध समारोह करेगी।

राज्यपाल,मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे समारोह में
दशहरा कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल नोपानी,सचिव अरुण कुमार,उपाध्यक्ष सुषमा साहू और संरक्षक टीआर गांधी ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। मौके पर कोषाध्यक्ष राजेश बजाज ,मीडिया प्रभारी अजय गुप्ता,एमपी जैन भी थे। उनके अनुसार 8 अक्टूबर को शाम 4.30 से 5.30 बजे के बीच रावण वध समारोह संपन्न होगा। इस मौके पर राज्यपाल फागू चौहान,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदनमोहन झा आदि भी मौजूद रहेंगे।

उनके अनुसार इस वर्ष रावण,कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले की ऊंचाई पांच-पांच फीट बढ़ा दी गयी है। रावण का पुतला 75 फीट का, कुंभकर्ण का 70 फीट एवं मेघनाथ का पुतला 65 फीट का बनेगा। रावण वध से पहले श्रीराम, सीता का पूजन होगा। लंकादहन और अशोक वाटिका के बाद मेघनाथ, कुंभकर्ण और रावण का पुतला दहन होगा। हल्की आतिशबाजी होगी।