इंटरनेट और स्मार्टफोन के इस दौर में तमाम कंपनियां अब इंस्टाग्राम और ट्विटर के जरिए अपने यहां भर्तियां कर रही हैं। ऐसे में कंपनी को मार्केट में टैलेंट तलाश करने के लिए विज्ञापन नहीं देने पड़ रहे हैं। विज्ञापन पर पैसे खर्च की बजाय कंपनियां युवाओं के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाल रही हैं।
इंफोसिस, एक्सेंचर, आईबीएम और विप्रो जैसी आईटी कंपनियों के ट्विटर पर लाखों फॉलोअर्स हैं। यही हाल इंस्टाग्राम पर भी है। आईबीएम ने इसी साल इंस्टाग्राम पर लाइफएटIBM नाम का पेज बनाया था, जिस पर कर्मचारी अपनी जॉब या कंपनी के माहौल के बारे में मजेदार पोस्ट डालते हैं।

पेज पर दिए गए लिंक पर नौकरी तलाश रहे लोग अपनी CV भेज सकते हैं। इसी तरह इंस्टाग्राम पर एक्सेंचर के करियर पेज के 40,000 फॉलोअर हैं।

स्टैटिस्टा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि देशभर में 6.9 करोड़ लोग इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये आंकड़े 2019 के हैं और इनमें अधिकतर यूवा हैं जिनकी उम्र 35 साल से कम है। कंपनियां इसी उम्र ग्रुप के युवाओं से जुड़ना चाहती हैं। कंपनियां युवाओं के अकाउंट पर भी नजर रखती हैं।
डिलीवरी कंपनी डुंजो के हेड (ब्रांड और मार्केटिंग) साईं गणेश के मुताबिक 80 फीसदी रिज्यूमे सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ही आते हैं।
