
NEW DELHI : मुजफ्फरपुर महापाप मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगातार संज्ञान लिया जा रहा है. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सवाल किया था कि आखिर सीबीआई और पुलिस क्या कर रही है. सीबीआई की जांच रिपोर्ट पर हैरानी जताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि चंद्रशेखर वर्मा की अरेस्टिंग क्यों नहीं हुई. जिसके बाद आनन फानन में 29 अक्टूबर को आर्म्स एक्ट में फरार चंद्रशेखर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. अब आज 30 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने फिर बड़ा आदेश दे दिया है.

दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट ने मुजफ्फरपुर महापाप मामले में सुनवाई के दौरान मेन आरोपी ब्रजेश ठाकुर को पंजाब के पटियाला जेल में रखे जाने का आदेश दे दिया है. वहीं सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि आखिर अभी तक एक्स मिनिस्टर मंजू वर्मा की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है. आपको बता दें कि इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट लगातार इस मामले की खुद मोनिटरिंग कर रहा है. अब इसी मामले में कल भी कोर्ट में सुनवाई होगी.

सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि अभी तक बिहार सरकार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि शेल्टर होम में बच्चियों को ड्रग्स दिया जा रहा है और उनकी स्थिति बहुत ही गम्भीर है. मामले की जांच कर रही सीबीआई की धीमी रफ्तार पर भी सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाए.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 20 सितम्बर को सीबीआई की जो टीम थी और आज जो टीम जांच कर रही है उनकी लिस्ट दाखिल करें. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में कल फिर से सुनवाई होगी. इस कांड का मास्टरमाइंड ब्रजेश ठाकुर फिलहाल बिहार के भागलपुर जेल में बंद है. मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे है.