धनबाद के नए सदर अस्पताल का दो नवंबर को मुख्यमंत्री रघुवर दास ऑनलाइन करेंगे उद्घाटन, चालीस वर्ष का मिटेगा पश्चताप

धनबाद। बहुप्रतिक्षित धनबाद के नए सदर अस्पताल का दो नवंबर को सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री दो नवंबर को टुंडी आ रहे हैं। वहां आयोजित कार्यक्रम से ही वे धनबाद सदर अस्पताल समेत कई विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सदर अस्पताल के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर है। अस्पताल में आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. चंद्राम्बिका श्रीवास्तव ने बताया कि उद्घाटन के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही है। फिलहाल अस्पताल में दो नवंबर से ओपीडी सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि धनबाद में सदर अस्पताल की सेवा करीब 40 वर्ष से नहीं है। यहां पहले सदर अस्पताल संचालित था लेकिन पीएमसीएच बनने के बाद सदर अस्पताल को बंद कर दिया गया था। सदर अस्पताल के भवन और मैनपावर को पीएमसीएच को सौंप दिया गया था। हालांकि पहले पीएमसीएच का संचालन कोर्ट रोड में ही होता था जिसके कारण लोगों को परेशानी नहीं होती थी लेकिन अब पीएमसीएच का नया परिसर सरायढेला में बन गया है। लोगों को इलाज के लिए वहां जाने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए लंबे समय से शहर में सदर अस्पताल बनाने की मांग की जा रही थी। इसे देखते हुए कोर्ट रोड में ही सदर अस्पताल का निर्माण किया गया है जिसका दो नवंबर को उद्घाटन हो जाएगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.