#NEW_DELHI : आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक अलका लांबा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में ये सदस्यता ग्रहण की। वे पहले शुक्रवार को ही ये सदस्यता ग्रहण करने वाली थीं लेकिन कुछ कारणों से ये नहीं हो सका। बता दें कि लांबा ने एक माह पहले ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल होने के कार्य़क्रम के स्थगित होने पर लांबा ने अपने ट्विटर पर जानकारी देते हुए कहा था कि- ‘आज किन्हीं कारणों से कांग्रेस में मेरी और मेरे अन्य साथी सहयोगियों की ज्वाइनिंग नहीं हो पा रही है, अब हम सब कल कांग्रेस में शामिल होंगें। आप सभी को हुई असुविधा के लिए मुझे खेद है। जय हिंद।’

06 सितंबर को ‘आप’ छोड़ने के कुछ घंटों बाद ही लांबा ने घोषणा की थी कि वह कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर उनकी मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होंगी। 2015 में ‘आप’ में शामिल होकर चांदनी चौक विधानसभा से चुनाव लड़ने से पहले लांबा ने कांग्रेस से अपना 20 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। लांबा को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने दलबदल के आधार पर 19 सितंबर को अयोग्य घोषित कर दिया था।


Source : live hindustan