
कोल्हान के गांवों में संताली समुदाय के बीच दशकों से प्रचलित दासांय नृत्य अब भी जिंदा है। यह पारंपरिक नृत्य शैली का एक प्रकार है। इसमें संताल युवक साड़ी की धोती और साड़ी की पगड़ी बांध कर लोक वाद्ययंत्र भुवंग की ताल पर एकसाथ थिरकते हैं। पगड़ी पर मोर के पंख सजाए हुए होते हैं। विभिन्न इलाकों में इस नृत्य से एक रोचक दंतकथा जुड़ी हुई है।
कहीं इसे महिषासुर वध से जोड़कर बताया जाता है, तो कहीं संतालों के कुलगुरु को खोजने के अभियान से। कहीं हुदुड़ दुर्गा की कथा भी प्रचलित है। हुदुड़ दुर्गाकथा यह है कि आदिवासियों के कुलगुरु हुदुड़ को किसी स्त्री के जरिए काबू कर किसी गुप्त स्थान में छिपा दिया गया। कुलगुरु को खोजने के लिए संताली युवाओं ने साड़ी की धोती व मयूर पंख लगाकर दुश्मनों के इलाके में जाकर नृत्य करने के बहाने उन्हें खोजने का अभियान चलाया।
आयनो और काजोल की कथा भी बेहद दिलचस्प
संताल समाज के विशेषज्ञ प्रो. बाबूराम सोरेन इस संबंध में एक प्रचलित कथा की जानकारी देते हैं। एक पोनोत यानी राज्य में आयनोम और काजोल नामक दो सुंदर युवतियां रहती थीं। दोनों को दैवीय शक्ति प्राप्त था। उनका राज्य सुखी था। जबकि उनका पड़ोसी राज्य जहां दूसरे समाज के लोग रहते थे, अकाल के कारण दयनीय स्थिति से गुजर रहा था। वहां के राजा ने गुप्तचर भेजकर कारण जानना चाहा। राजा को दैवीय शक्ति प्राप्त दोनों युवतियों के बारे में जानकारी मिली। राजा ने युवतियों का अपहरण कराया। युवतियों को खोजने के लिए संताली युवक नृत्य संगीत को माध्यम बनाकर निकले।
दासांय गीत
तोकोय गुरु दाराय कान,
गुरु हो हाथी चंतान ते,
धोरोम गुरु दाराय कान,
गुरु हो हाथी चेतान ते,
गुरु हो सादोम चेतान ते,
गुरु हो पान गो नाड़ी साकाम चेतान ते।।
(यानी कौन गुरु आ रहें हैं। हाथी के ऊपर से, घोड़ा के ऊपर से या पान पत्ता के ऊपर से।)
आयनो और काजोल थी वीरांगनाएं
आयनो और काजोल संताल समाज की वीरांगनाएं थीं। युद्ध के दौरान दुश्मनों ने छल से दोनों को हरा दिया और साथ ले गए। युद्ध के बाद समाज के युवक दोनों को खोजने निकले। दशहरा के मौसम में ही युद्ध हुआ था।
– प्रो. लखाई बास्के, संताल समाज के विशेषज्ञ