
PATNA : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव नवादा में संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ रैली करने से ठीक पहले एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं. नवादा को आरजेडी के समर्थकों बैनर और पोस्टर से पाट दिया है लेकिन इन पोस्टरों में एक सबसे ज्यादा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
इस पोस्टर में आरजेडी विधायक राजबल्लभ यादव का चेहरा बड़े रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है. आरजेडी द्वारा जारी किए गए बैनर और पोस्टर में स्थानीय आरजेडी विधायक और नाबालिग लड़की से बलात्कार का आरोपी राजबल्लभ यादव का चेहरा भी दिख रहा है. इससे विरोधियों ने तेजस्वी को निशाने पर लिया है.
बैनर सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) प्रवक्ता नीरज कुमार ने राबड़ी देवी को पत्र लिखकर पलटवार किया है राजबल्लभ यादव पर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से बलात्कार करने का आरोप है. इस आरोप में मार्च 2016 में राजबल्लभ को गिरफ्तार किया गया था.
इस पोस्टर पर जेडीयू के नेता कौशल यादव ने सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने तेजस्वी यादव को आरजेडी का एक बड़ा चेहरा कहा. कौशल ने कहा कि उनमें आगे जाने की चाहत है. अगर उन्हें आगे जाने की चाहत है तो ऐसे चेहरों से परहेज करना पड़ेगा. उन्होंने तेजस्वी यादव से यह सवाल उठाया है कि आखिर एक दुराचारी का चेहरा इतने बड़े पैमाने पर उनके साथ कैसे लगाया जा रहा है. क्या नवादा में आरजेडी का मतलब केवल राजबल्लभ यादव है ? क्या पार्टी उनसे डरती है इसलिए उनका चेहरा बड़े रूप में लगाया गया है?