फिल्म हीरो से चार साल पहले हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने वाले हीरो सूरज पंचोली की नई फिल्म सैटेलाइट शंकर का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ तो लोगों को देसी हीरो की चमक फिर से दिखी है। ट्रेलर ने ही अपनी छाप छोड़ दी है, पिक्चर अभी बाकी है।

साल के पहले महीने में जब सलमान खान ने सूरज की नई फिल्म सैटेलाइट शंकर का पहला पोस्टर रिलीज किया तो लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर ये फिल्म है क्या। लेकिन, अब ट्रेलर बता रहा है कि ये एक फौजी शंकर की कहानी है जिसे सीमा पर स्थित चेकपोस्ट पर समय से पहुंचाने के लिए कैसे पूरा देश एक हो जाता है। देश के 10 राज्यों में शूट हुई ये पहली हिंदी फिल्म है और फिल्म में देश को एक सूत्र में बांधने वाला तिरंगा पूरी शान से फहरा रहा है।

फिल्म की कहानी छोटी सी है लेकिन इसके जज्बात बहुत बड़े हैं। ये देश की हिफाजत में लगे लोगों की सहूलितयों की बात करती है। ये उन सब लोगों की बात करती है जो उन दिनों में भी ड्यूटी पर होते हैं, जब देश होली या दीवाली मना रहा होता है। हिंदी सिनेमा में इस फिल्म से साउथ की हीरोइन मेघा की भी एंट्री हो रही है, ट्रेलर में उनके नैन नक्श भी तीखे दिखे हैं और वह अपना असर छोड़ने में कामयाब रही हैं।
