कांटी (मुजफ्फरपुर) . बकटपुर पंचायत के पूर्वी टोला में सोमवार की देर रात हथियार से लैस तीन दर्जन डकैतों ने धावा बोला। चार घरों से नकदी, गहने समेत 15 लाख की संपत्ति लूट ली। गहना लूटने के लिए डकैतों ने महिलाओं के नाक-कान से जेवर झपट लिए। उनकी जमकर पिटाई भी की। संपत्ति लूटने के लिए डकैतों ने कई लोगों मारा-पीटा। हो हल्ला पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर जब खदेड़ा तो डकैतों ने बम फेंक दिया।
बम फटने से ग्रामीण चंदन कुमार व विवेक कुमार घायल हो गए। पिटाई से जख्मी उमा देवी, महासन देवी, वासुदेव सिंह, महेंद्र दास, रूपेश दास का इलाज पीएचसी में हुआ। बम फोड़ कर भाग रहे डकैतों को पकड़ने के लिए कई गांवों के ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए घेराबंदी की। करजा और कांटी थाने की पुलिस भी पहुंची लेकिन डकैत फरार हो गए। पुलिस ने एफएसएल टीम व खोजी कुत्ते को बुलाकर जांच कराई।
डीएसपी पूर्वी गौरव पांडेय के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने छापेमारी कर तीन संदिग्धों को उठाया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा में प्रशासन पूरी तरह विफल है। पुलिस पोस्ट शीघ्र स्थापित करने की मांग की।