#PATNA : दिवाली के लिए मट्टी पहले ही खरीद लेलिए हल, पानी जमलइ त सब बह गेलैय

#BIHAR #INDIA : दिवाली के लिए मट्टी पहले ही खरीद लेलिए हल, पानी जमलइ त सब बह गेलैय। कुछ बचल हय अब बादल देख के डर लगेत हय। चाक पर दीया बनाने के लिए दुजरा के 80 वर्षीय जोगिंदर पंडित का हाथ तो घूम रहा है, लेकिन उनकी आंखें बार-बार आसमान की तरफ उठ रही हैं। डर है कि कहीं अबकी बारिश हुई तो उनके सारे दीये बर्बाद ना हो जाएं। दुजरा इलाके में वे हर दिन सैकड़ों दीये बना तो रहे हैं, लेकिन बारिश का डर उन्हें परेशान कर रहा है।

दीपावली की रोशनी में दीया का सबसे ज्यादा महत्व है। हर घर दीया जलता है लेकिन इन दीयों को बनाने वाले कुम्हार की स्थिति बहुत चुनौती भरी है। बांस घाट के पास अपने घर में चाक पर मिट्टी को दीया का रूप दे रहे 80 वर्षीय जोगिंदर पंडित ने बताया कि तीन हजार में एक ट्रैक्टर मिट्टी खरीदी थी। मिट्टी को घर में रखा लेकिन जलजमाव के कारण आधी से अधिक मिट्टी बह गयी, जो मिट्टी बची उससे अब दीया बना रहे हैं तो बादल का डर सता रहा है। वहीं लक्ष्मी देवी ने बताया कि धूप तेज रहती है तो डेढ़ दिन में दीया सूख जाता है लेकिन अभी तीन दिन पहले बना दीया भी सूखा नहीं है।

पांच दिन में तैयार होता है एक हजार दीया: दीया बनाने और उसे धूप में सुखाने के बाद उसे भट्टी में डाला जाता है। भट्टी में पूरा एक दिन रखा जाता है। इसके बाद दीया बाजार जाने के लायक बनता हैं। कदमकुआं में दीया बना रहे राम नारायण ने बताया कि जहां पहले तीन दिन में दो हजार तक दीया तैयार हो जाता था, वहीं अभी पांच दिन लग रहा है। चार दिन दीया सूखने में लग रहा है। वहीं एक दिन भट्टी में लग रहा है। पांच दिन में एक हजार दीया तैयार हो रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.