बहन द्वारा बांधा गया रक्षा-सूत्र अपने लिए रक्षा और भाई के लिए मंगल-कामना का प्रतीक

इस धरती पर आते ही मनुष्य के कई रिश्ते बन जाते हैं। उनमें से सबसे अधिक दृढ़ अविभाज्य संबंध सहोदर का होता है। पति-पत्नी, मित्र, सहयोगी के साथ बने रिश्तों में प्राय: विकल्प का भाव मन में उठता रहता है, परंतु भाई-बहन एक ही माता के उदर से उत्पन्न होते हैं, इसलिए यह संबंध विकल्पों से परे है – निस्वार्थ, निष्काम और पावन। भारत की संस्कृति में संबंधों का उत्सव मनाया जाता है।

बहन द्वारा बांधा गया रक्षा-सूत्र अपने लिए रक्षा और भाई के लिए मंगल-कामना का प्रतीक है। रक्षा-बंधन और भैया-दूज का केंद्रीय भाव एक ही है। चाहे उत्तर प्रदेश हो, पंजाब या बंगाल, कार्तिक शुक्ल द्वितीया को बहनें अपने भाई के घर की राह पकड़ती हैं या उसे अपने घर बुलाती हैं। धान, दूर्वा, चन्दन से उसके ललाट पर तिलक करती हैं, उनकी दीर्घायु की कामना करती हैं। भैया दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है। सूर्य और संज्ञा के जुड़वां बच्चे थे यम और यमी। यम पर पितरों की देखभाल का जिम्मा था, बाद में मृत्यु के देवता का कार्यभार भी मिल गया।

यमी- यमुना नदी बन कर बहने लगी। बहुत समय बाद यम को बहन की याद आई तो मिलने पहुंचे। हर्षविभोर होकर यमी ने सत्कार किया, भोजन कराया। यम ने प्रसन्न होकर वर मांगने को कहा। यमी ने मांगा कि आज के दिन मथुरा के विश्राम घाट पर जो भी भाई-बहन हाथ पकड़ कर स्नान करेंगे, उस भाई को कभी यमपुरी नहीं जाना होगा। यही कथा थोड़े अंतर के साथ सभी प्रदेशों में कही जाती है।किसी-किसी प्रदेश में बहन भाई को तेल लगाकर गंगा यमुना स्नान करवाती है। नदी न हो तो भाई बहन के घर पर स्नान करता है। फिर बहन अपने हाथ से भाई को निवाले खिलाती है। इसी दिन श्री कृष्ण भी अपनी बहन सुभद्रा के घर पर टीका लगवाने गए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.