#PATNA #BIHAR #INDIA : राजधानी पटना में मंगलवार को कलम के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा की धूमधाम रही। चित्रांश भाइयों ने पूरी श्रद्धा-भक्ति से चित्रगुप्त भगवान और कलम-दवात की पूजा की। अपनी आय-व्यय का पूरा ब्योरा भगवान चित्रगुप्त के समक्ष रखा। घर के बच्चों ने भी अपनी आय-व्यय का व्योरा भगवान को समर्पित किया। शहरभर में पचास से अधिक जगहों पर भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाएं स्थापित की गयी थीं। गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी व आदि चित्रगुप्त मंदिर नौजरघाट पटना सिटी में पूजन के विशेष आयोजन में हजारों श्रद्धालु शरीक हुए। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, सांसद रामकृपाल यादव सहित कई केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्री, विधायक आदि ने भी पूजा पंडालों में जाकर चित्रगुप्त भगवान की पूजा-अर्चना की।

जगह-जगह हुए भव्य पूजन
शहर की गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी, राजेन्द्रनगर, महेन्द्रू, रानीघाट,कदमकुआं, दरियापुर गोला, लोहानीपुर,जहाजी कोठी कदमकुआं, सामुदायिक भवन बैंकमेंस कॉलोनी चित्रगु्प्तनगर, कम्युनिटी हॉल कंकड़बाग, प्रेम त्रिलोकी सामुदायिक भवन अशोकनगर, चित्रगुप्त समाज अनीसाबाद, न्यू यारपुर गर्दनीबाग, बेऊर, वृंदावन कॉलोनी वाल्मी, दानापुर गोला रोड, पटेलनगर, इंद्रपुरी, जगदेव पथ, आम्बेडकर पथ, वेदनगर कॉलोनी, रूकनपुरा आदि में चित्रगुप्त भगवान की धूमधाम से पूजा-अर्चना की गयी।

