#BIHAR #INDIA : छुट्टी के लिए छठी मैया और बच्चों की कसम दिलाकर शपथ पत्र भरने का पत्र वायरल होने से पुलिस विभाग की किरकिरी के बाद जिले के 125 पुलिसकर्मियों को तीन दिन की छुट्टी दे दी गई। इन लोगों को शपथ पत्र की बजाय सामान्य आवेदन पर ही छुट्टी दे दी गयी। जिन लोगों को छठ व्रत करने के लिए छुट्टी दी गयी है, उनमें 54 पुलिस पदाधिकारी व 71 सिपाही शामिल हैं। इन सभी को 4 नवंबर को अपने-अपने स्थान पर पुन: योगदान करने का निर्देश दिया गया है। विदित हो कि छठ व्रत करने वाले पुलिसकर्मियों से छठी मैया और बच्चों व परिवार के नाम पर कसम का शपथ पत्र भरवान के बाद छुट्टी देने की शर्त रखी गयी थी। छुट्टी के लिए भरे जाने वाले शपथ पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एसपी विकास वर्मन ने त्वरित कार्रवाई करने के साथ जांच के आदेश दिये जबकि पुलिस मुख्यालय ने भी मामले में संज्ञान लेकर एसपी से जवाब-तलब किया। पुलिस मुख्यालय ने एसपी को 24 घंटे में सोशल मीडिया में वायरल शपथ पत्र के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया था। मामले में जवाब की जानकारी पुलिस मुख्यालय के साथ ही दरभंगा प्रक्षेत्र के आईजी को भी भेजने को कहा गया था। एसपी विकास वर्मन ने बताया कि विभाग की ओर से इस तरह का कोई शपथ पत्र जारी नहीं किया गया था। यह जांच करायी जा रही है कि इस तरह का शपथ पत्र कहां से आया था। इसमें दोषी पाये जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

