डिवाइडर से भिड़ी बेकाबू कार, शादी से लौट रहे अमृतसर के 3 युवकों की मौत

जालंधर. गुरुवार सुबह सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चाैथा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अमृतसर के रहने वाले ये लोग एक शादी समारोह में जालंधर आए थे। जिस वक्त वापस लौट रहे थे, तभी इनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे की वजह बीते दो-तीन दिन से बढ़ा स्मॉग भी हो सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि हादसे के वक्त कार सवार नशे की हालत में थे।

हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान अमृतसर सोनू पुत्र रवि कुमार (28), नरेश कुमार पुत्र चंद्रशेखर (25), पवन कुमार पुत्र दीपक कुमार (26) और आकाशदीप (27) के रूप में हुई है। बीते दिन चारों युवक किसी काम से जालंधर आए थे और गुरुवार सुबह वापस अमृतसर लौट रहे थे। पठानकोट चौक फ्लाईओवर चढ़ने से ठीक पहले हाईवे पर अचानक इनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया। वहीं, कार में सवार सोनू, नरेश कुमार और पवन की मौत हो गई। घायल आकाशदीप को कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

थाना-8 के एएसआई किशोर कुमार के मुताबिक, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी चारों लोग घायल थे। इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने तीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं चौथा गंभीर हालत में उपचाराधीन है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गाड़ी से शराब की बोतलें वगैरह भी मिलीं हैं। पुलिस ने बताया कि घायल आकाशदीप के होश में आने का इंतजार है। उसके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading