#PATNA : बिजली की तरह हर घर में नल का जल भी पहुंचेगा – विनोद नारायण

#BIHAR #INDIA : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा है कि बिजली की तरह बिहार के हर घर में नल का जल भी पहुंचेगा। इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। कहा कि बिजली हर घर तक पहुंचेगी, यह बात बिहार में दस वर्ष पहले तक मजाक लगती थी पर आज यह सपना साकार हो गया है। इसी तरह राज्य के सभी घरों में नल से जल की आपूर्ति होगी। इस पर काम जोर-शोर से चल रहा है।

मंत्री बुधवार को विभाग में नये नियोजित अभियंताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल की उपलब्धता आज देश ही नहीं दुनिया की समस्या बनी हुई है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने लोगों को स्वच्छ और शुद्ध जल उनके घरों तक पहुंचाने का जिम्मा लिया है। विभाग राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के 56 हजार 79 वार्डों में नल से जल पहुंचाने का कार्य कर रहा है। 48 हजार से अधिक वार्डों में काम शुरू हो चुका है। मार्च, 2020 तक हमें इन सभी वार्डों में योजना पूरी कर देनी है।

उन्होंने कहा कि लौह, फ्लोराइड और आर्सेनिक गुणवत्ता प्रभावित 30 हजार 497 वार्डों में ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध कर पानी की आपूर्ति की जानी है। यह भी कहा कि गुणवत्ता प्रभावित क्षेत्रों का दायरा भविष्य में बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए अभी से ही सचेत और सतर्क रहने की जरूरत है। अभियंताओं को कहा कि जिलों से आ रही रिपोर्ट के अनुसार योजना में सबसे अधिक शिकायतें कम गहराई में पाइप बिछाने की आ रही है। जबकि एक मीटर गहाराई में पाईप बिछाना है। इसकी जांच पर विशेष ध्यान देना है। अभियंता प्रमुख दयाशंकर मिश्र, अशोक कुमार, एसएन मिश्र, एस जावेद, संजय सिन्हा आदि ने भी विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.