#AYODHYA से निकलेगी राम बारात, 21 नवंबर की है तैयारी

#UP #INDIA : विहिप के तत्वावधान में प्रत्येक पांच वर्ष में निकाली जाने वाली राम बारात इस साल भी धूमधाम से निकाली जाएगी। सुप्रीम कोर्ट का फैसला रामलला के पक्ष में आने के बाद बारात का उल्लास भी दोगुना हो गया है। अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) तक जाने वाली इस बारात की तैयारी को लेकर श्रीराम विवाह आयोजन समिति के संयोजक एवं विहिप के केन्द्रीय राजेन्द्र सिंह पंकज गुरुवार को अयोध्या पहुंच गए हैं।

कारसेवकपुरम में प्रवास कर रहे पंकज ने बताया कि बारात 21 नवंबर को धूमधाम से निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि यह बारात विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 28 नवंबर को जनकपुर पहुंचेगी। 29 नवंबर को दशरथ मंदिर के प्रांगण में तिलकोत्सव, 30 नवम्बर को कन्या पूजन के अलावा मटकोर का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह से एक दिसंबर को रामलीला मंचन के अन्तर्गत धनुष यज्ञ और रात में जानकी मंदिर में विधिपूर्वक विवाहोत्सव होगा। दो दिसंबर को कुंवर कलेवा के आयोजन के साथ ही अभावग्रस्त बालिकाओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। तीन दिसंबर को जनकपुर से बारात अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।

पंकज ने बताया कि पहली राम बारात वर्ष 2004 में निकाली गई थी। फिर 2009 और 2014 में इसका आयोजन किया गया। बारात कार और बस से जाएगी। इसके साथ भगवान के स्वरूपों का रथ भी शामिल होगा। राम बारात का आयोजन सबसे पहले लक्ष्मण किलाधीश महंत सीतारामशरण महाराज ने किया था। फिर यह क्रम बंद हो गया। इसके बाद विहिप ने बीड़ा उठाया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.