
BEGUSARAI : घर से बरामद अवैध कारतूस मामले में फरार चल रही पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की गिरफ्तारी की कवायद तेज हो गई है. उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की रेड चल रही है. सूत्रों की मानें तो पूर्व मंत्री मंजू वर्मा पुलिस को चकमा देने में सफल रही. सूत्रों पर विश्वास करें तो वह पुलिस के हाथ आते आते रह गई और चकमा देकर फरार हो गई. हालांकि पुलिस चकमा देने की पुष्टि नहीं कर रही है.
दरअसल मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले की जांच तेज हुई तो इसकी आंच मंजू वर्मा के पास पहुंची. मामले पर नीतीश सरकार घिरती दिखी, तब सरकार में शामिल मंजू वर्मा को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा. सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बेगूसराय स्थित मंजू वर्मा की ससुराल में छापेमारी हुई. वहां पुलिस को अवैध कारतूस मिले. ये प्रतिबंधित कारतूस थे. इसके बाद उनकी मुसीबत और बढ़ गई.
मामला यहीं पर नहीं रुका. सुप्रीम कोर्ट की तलवार लटकती चली गई. तब पिछले सप्ताह मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा ने बेगूसराय के मंझौल कोर्ट में सरेंडर कर दिया. लेकिन अभी भी मंजू वर्मा फरार है. मंजू वर्मा की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने के लेकर दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को जमकर फटकार लगाई थी. कोर्ट ने यहां तक कह दिया कि बिहार में यह क्या हो रहा है.

इसी को लेकर शुक्रवार को भी बेगूसराय में मंजू वर्मा की तलाश में पुलिस भटकती रही. वहीं सूत्रों का कहना है कि मंजू वर्मा एक बार फिर तेज निकली और वह पुलिस को चकमा देने में सफल रही. हालांकि इस मामले में पुलिस अभी कुछ भी नहीं बता रही है. वहीं चकमा देने की बात से वह इनकार कर रही है.