अब मैं एक खुद को एक नई अभिनेत्री की तरह महसूस कर रही हूं और यह मेरे लिए करियर की एक नई पारी की तरह है। मैं उन चीजों के बारे में नहीं सोच रही हूं, जो मैंने अतीत में की हैं। मैं अपने जीवन में सिर्फ आगे की ओर देखना चाहती हूं और यही मुझे एक अभिनेत्री में रूप में संतुष्टि देता है। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि रिभु दासगुप्ता और अमोल गुप्ते जैसे निर्देशक मुझ पर विश्वास कर रहे हैं कि मैं इस तरह के मजबूत किरदार निभा सकती हूं।

हां, यह मेरे लिए एक गेमचेंजर साबित होने जा रहा है, क्योंकि इन फिल्मों के जरिए मैं कुछ नया और चुनौतीपूर्ण करने जा रही हूं। दर्शक मुझे ऐसे रूप में देखेंगे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा। मुझे लगता है कि मैं जो भी फिल्में कर रही हूं उससे मुझे कुछ नया सीखने को मिल रहा है। मैं अब अपनी फिल्मों को लेकर ज्यादा सजग रहती हूं। अपने किरदार के साथ कुछ बेहतर करने और कड़ी मेहनत करने से मैं पीछे नहीं हटती हूं। मैं अपने प्रदर्शन और अभिनय की पूरी प्रक्रिया का अब भरपूर आनंद ले रही हूं।

