#LIVE : भारत और बंगलादेश के बीच ईडन गार्डन मैदान पर गुलाबी गेंद से खेले जा रहे ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट में भारत के कप्तान विराट कोहली ने मैच के दूसरे दिन इतिहास रच दिया है। अपना पहला डे-नाइट टेस्ट खेल रही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पिंक बॉल टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनके शतक के दम पर भारत ने इस मैच में बांग्लादेश को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया है।

भारत के पास अभी 150 से ज्यादा रन की बढ़त है। बता दें कि यह विराट कोहली के टेस्ट करियर की 27वीं टेस्ट सेंचुरी है। उन्होंने अपनी इस पारी में 12 चौके जड़े हैं। इससे पहले मैच के पहले दिन गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने बांग्लादेश की पहली पारी मात्र 106 रनों पर समेट दी। भारत की तरफ से तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने पांच विकेट झटके।

इसके अलावा अन्य तेज गेंदबाज उमेश यादव ने 3 जबकि मोहम्मद शमी ने दो विकेट झटके। इशांत शर्मा भी इस ऐतिहासिक टेस्ट में पांच विकेट लेने के साथ ही यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। सीरीज की बात करें तो भारत इंदौर में हुए पहले टेस्ट को जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है। इसके अलावा भारत पिछली 12 टेस्ट सीरीज में हारा नहीं है। ऐसा कारनामा भारत से पहले कोई अन्य देश नहीं कर सका है।
