#UP #INDIA : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अब नर्सिंग के छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर गए हैं। नर्सिंग महाविद्यालय के पास सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टल की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित पोस्टर बैनर के साथ कालेज के गेट को जाम कर दिया है। धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि हम बीएससी नर्सिंग के प्रथम और द्वितीय वर्ष के 60 छात्रों को हॉस्टल नहीं मिला है। जिससे छात्रों को कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही है। हॉस्टल की समस्या को लेकर बीएचयू एमएस व कुलपति से हॉस्टल उपलब्ध कराने के संबंध में वार्ता हो चुकी है परंतु हर बार सिर्फ आश्वासन मिला है।

छात्र-छात्राएं का कहना है, ‘हम लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। हम सबको क्लास के साथ-साथ बीएचयू में भी सेवाएं देनी होती हैं। बाहर रह कर सेवाएं देने में दिक्कत हो रही है। सारा समय सिर्फ आने-जाने और खाना बनाने में ही खत्म हो जाता है। जिस कारण पढ़ाई के लिए समय नहीं मिल पाता है।’ छात्रों ने कहा कि बीएचयू वेबसाइट व यूजीसी के गाइड लाइन में नर्सिंग छात्र छात्राओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था लिखी गई है उसके बावजूद भी हॉस्टल उपलब्ध नहीं हो रहा। आज मजबूरन हमें आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि बीएचयू पिछले दिनों धर्म विज्ञान संकाय में एक मुस्लिम प्रोफेसर की नियुक्ति के बाद छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण काफी चर्चा में रहा था।

