सामान लेकर घर लौट रही तीन महिलाओं पर मनचलों ने तेजाब से कर दिया हमला, गंभीर रूप से घायल तीन लखनऊ रेफर

सिद्धार्थनगर। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार के मामले कम नहीं हो रहे हैं। सिद्धार्थनगर में कल देर रात सामान लेकर घर लौट रही तीन महिलाओं पर मनचलों ने तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से झुलस गई हैं। इनको लखनऊ रेफर किया गया है।

सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर पश्चिमी टोले में कल देर रात दो मनचलों ने महिलाओं पर तेजाब फेंक दिया। जिससे एक महिला और दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। तीनों को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया।

बिस्कोहर पश्चिमी टोला निवासी 20 वर्षीय सितारा और 19 वर्षीय करिश्मा (दोनों का बदला नाम) कल देर रात कस्बे से सामान लेकर वापस लौट रही थीं। दोनों अपने मोहल्ले के पास पहुंची ही थीं कि बाइक सवार दो युवक कस्बे की ओर से आए और पीछे बैठे एक युवक ने कांच के बाटल में तरल पदार्थ को दोनों के चेहरे पर निशाना साधकर फेंक दिया। उसके बाद दोनों बाइक से बलरामपुर की ओर भाग निकले। उसकी जलन से चीखती दोनों युवतियां मोहल्ले में दाखिल हुई।
चीख सुनकर घर से बाहर निकलीं मोहल्ले की साठ वर्षीय रमजानी से दोनों युवतियां चिपक गई जिसके चलते रमजानी भी तेजाब की जद में आ गई और वह भी गंभीर रूप से झुलस गईं। तेजाब के हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने सभी की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.