उद्यमियों के अपहरण और डकैती से पहले पांच बदमाश दबोचे

आगरा : पारस गैंग के सदस्य रहे विनोद दादा ने दीपावली से पहले कहर बरपाने की तैयारी कर ली थी। एक उद्यमी को गाड़ी समेत अगवा करना था और दो उद्यमी के घरों में डकैती डालनी थी। वारदात से पहले बदमाशों का पुलिस आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली के पारस गैंग में हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी कुख्यात विनोद दादा सक्रिय सदस्य था। पारस के मारे जाने के बाद वह गैंग संचालित कर रहा था। उसने राजस्थान और उप्र में गैंग बना रखे थे।

एसएसपी अमित पाठक ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि गैंग ने आगरा में जयपुर हाउस निवासी एक नामचीन कपड़ा उद्यमी के अपहरण की योजना बनाई थी। कारोबारी की सिकंदरा क्षेत्र स्थित शास्त्रीपुरम में फैक्ट्री है। उनके घर और फैक्ट्री की रेकी करने के बाद अब कार समेत अपहरण करने की साजिश थी। शातिरों ने दो बड़े जूता उद्यमियों के घर में डकैती के लिए भी रेकी कर ली थी। इनमें से एक का प्रतिष्ठान सिकंदरा क्षेत्र में हैं जबकि दूसरे की एक्सपोर्ट यूनिट खंदारी क्षेत्र में है। पुलिस को इसकी भनक लग गई। बदमाशों की तलाश शुरू हो गई। गुरुवार रात को शातिरों की सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इसमें पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन पिस्टल, एक तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। इनमें से तीन मथुरा और दो आगरा के हैं। बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को डीजीपी की ओर से 50 हजार और एडीजी और डीआइजी की ओर से 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पत्रकार वार्ता में एएसपी अभिषेक भी मौजूद रहे। ये हुए गिरफ्तार मथुरा के हाईवे क्षेत्र निवासी अनुज शर्मा, वृंदावन निवासी कृष्ण मुरारी शर्मा, इंद्रा विकास कॉलोनी निवासी प्रवीण, जगदीशपुरा के विलास गंज निवासी बलवीर सिंह, सदर के डिफेंस कॉलोनी निवासी भूपेंद्र भाटी। गिरफ्तार करने वाली टीम इंस्पेक्टर सिकंदरा अजय कौशल, क्राइम ब्रांच प्रभारी रवि त्यागी, इंस्पेक्टर अनुज कुमार, एसआइ सुनील तिवारी और उनकी टीम शामिल रही।

चिलर व्यवसायी की हत्या की ली थी सुपारी

पुलिस के मुताबिक, बलवीर ने अपने गांव के साथियों के साथ चिलर प्लांट खोला था। इसके बंटवारे में विवाद हो गया था। इसलिए वह इनकी भी हत्या कराना चाह रहा था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.