#PATNA #BIHAR #INDIA : राजद के प्रदेश अध्यक्ष की कमान जगदानंद सिंह ने बुधवार को विधिवत संभाल लिया। विद्यापति भवन में पार्टी के राज्य परिषद की बैठक में राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने उनके प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा की। बतौर प्रदेश अध्यक्ष अपने पहले संबोधन में जगदानंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से ही शुरू कर दें। कहा, विपक्ष चुनाव जीतता नहीं, लापरवाही के कारण हम चुनाव हार जाते हैं। वाचाल व चालाक लोग राजनीति में भी व्यापार कर रहे हैं। 90 फीसदी वाले सड़क पर और 10 फीसदी वाले शासन में हैं।

जगदानंद ने कहा कि अगले साल नवम्बर में नई सरकार बन जाएगी। हमारी सफलता तभी है, जब राजद गठबंधन की सरकार बिहार में बन जाए। 2015 में राजद की सरकार बनी थी पर सरकार की चोरी कर ली गई। बिहार के बाद महाराष्ट्र में भी रातोंरात सरकार की चोरी हो गई। बिहार में पलटने वाले नीतीश कुमार 2017 में नहीं, बल्कि 1995 में ही पलट गए थे। उनके कारण समाजवादी आंदोलन पीछे हो गया। कार्यकर्ताओं को महलों में रहने वालों के पीछे जाने के बजाए गरीब-गुरबों के बीच समय गुजारने को कहा। कहा कि राजद पहली पार्टी है, जिसने एससी-एसटी को 17 फीसदी तो अतिपिछड़ों को 28 फीसदी आरक्षण दिया है। हर गांव में राजद का समर्थक-कार्यकर्ता है।

