मई 2021 में शुरू हो जाएगा व्यावसायिक उत्पादन, रोजाना 3850 मीट्रिक टन यूरिया बनेगा

पटना. बरौनी खाद कारखाने से मई 2021 में व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को हिन्दुस्तान फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करके उनको कारखाने की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी।

इस कारखाने से रोजाना 2200 टन अमोनिया और 3850 मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन होगा। इस उपक्रम के शुरू होने से 400 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जबकि 2200 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस उपक्रम के चालू हो जाने से राज्य के किसानों को आसानी से रासायनिक उर्वरक और यूरिया उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही राज्य की आर्थिक आय में वृद्धि होगी।

बरौनी यूनिट में उत्पादन शुरू होने से यातायात दबाव भी कम होगा क्योंकि बिहार में वेस्टर्न एंड सेंट्रल रीजन से रेल व अन्य यातायात साधनों के जरिए रसायनिक उर्वरकों और यूरिया की आपूर्ति होती रही है। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.