घुट-घुट कर जीने का कोई फायदा नहीं : तेजप्रताप यादव

पटना. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए पटना सिविल कोर्ट में दाखिल याचिका को सच्चाई बताया है। शुक्रवार शाम को यह मामला प्रकाश में आया था। इसके बार परिवार के लोगों ने तेजप्रताप को समझाने की कोशिश की, लेकिन इसका कम ही असर दिख रहा है।

शनिवार को तेजप्रताप पिता लालू यादव से मिलने रांची जा रहे हैं। गया में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि घुट-घुट कर जीने का कोई फायदा नहीं है। तेजप्रताप ने कहा कि जो आवेदन कोर्ट में दिया है वह सच्चाई है। हम इसपर कड़ा एक्शन लेंगे। डेट आया है। अब तो कोर्ट में जाने के बाद ही कुछ होगा।

175 में टूट के कगार पर तेजप्रताप की शादी: लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप और ऐश्वर्या की शादी टूट के कगार पर पहुंच गई है। शादी के 175 वें दिन राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने पटना सिविल कोर्ट स्थित परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश की अदालत में पत्नी ऐश्वर्या के खिलाफ तलाक की अर्जी दाखिल कर दी है।

तीन माह से दोनों नहीं कर रहे थे बात: प्रधान न्यायाधीश उमा शंकर द्विवेदी की अदालत में हिंदू विवाह अधिनियम 1955 की धारा 13 (सी)(1ए) के तहत अर्जी दी गई है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक तीन माह से सीधे मुंह बात नहीं होने की परिणति तलाक की अर्जी के रूप में सामने आई है।

ऐश्वर्या के साथ नहीं चाहते तेजप्रताप: तेजप्रताप ने कहा है कि वे ऐश्वर्या राय के साथ नहीं रहना चाहते हैं। हम दोनों में तालमेल नहीं है, ऐसे में कोर्ट तलाक की अनुमति दे। ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं।

राबड़ी ने किया था पसंद: तेज प्रताप की मां राबड़ी देवी ने ऐश्वर्या को अपनी बहू के रूप में पसंद किया था। उस वक्त लालू जेल में थे। पूर्व मंत्री व राजद विधायक चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या ने दिल्ली से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।

आखिरी बार मुंबई में साथ दिखे थे तेजप्रताप और ऐश्वर्या: तेज प्रताप और ऐश्वर्या शादी के बाद कार्यक्रमों में कम ही देखे गए। दोनों आखिर बार मुंबई में साथ दिखे थे। 23 मई को लालू यादव इलाज के लिए एशियन हार्ट अस्पताल मुंबई गए थे। उनके साथ बहू ऐश्वर्या और बेटे तेज प्रताप भी थे। पिछले दिनों ऐश्वर्या की तस्वीर राजद के पोस्टर पर दिखी थी। तब उनके राजनीति में आने की चर्चा हुई थी, हालांकि परिवार की तरफ से कहा गया था कि ऐश्वर्या अभी राजनीति में नहीं आ रही हैं।

परिवार में भी कलह: बताया जा रहा है कि तेज प्रताप लालू से मुलाकात के बाद ही परिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी देंगे। तेज प्रताप इस बात से नाराज चल रहे थे कि राजनीति में भाई के मुकाबले उनका कद घट रहा है। एक सभा में बहन मीसा भारती ने भी यह स्वीकार किया था।

चंद्रिका राय ने राबड़ी से मिल जतायी आपत्ति: ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय ने कहा कि ऐसी कोई बात ही नहीं है। हालांकि देर शाम वे अपनी बेटी के साथ 10 सर्कुलर रोड पहुंचे और समधन राबड़ी देवी से तेजप्रताप द्वारा छोटे-मोटे अनबन पर इतना बड़ा निर्णय लेने पर आश्चर्य और आपत्ति जतायी।

10 सर्कुलर रोड में ही तेजप्रताप, उनकी बड़ी बहन मीसा भारती, छोटे भाई तेजस्वी समेत दोनों ही परिवार के लोगों के बीच इस पर देर रात तक विचार विमर्श जारी रहा।

शादी के 1 साल के भीतर नहीं दी जा सकती तलाक की अर्जी: तलाक की यह अर्जी कानूनी रूप से वैध नहीं है। नई व्यवस्था में शादी के एक वर्ष के पहले तलाक की अर्जी दी ही नहीं जा सकती। विशेष परिस्थिति में ऐसी अर्जी दाखिल करने के पहले, हाईकोर्ट की इजाजत जरूरी है। फैमिली कोर्ट अपने सामने आए ऐसे मामले में पूरा प्रयास करता है कि किसी भी हाल में शादी न टूटे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.