
MUNGER : कोचिंग पढने जा रही छात्रा को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद डाला। इस घटना में छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और जमकर हंगामा किया। वहीं घटना की सूचना के बाद भी देर से पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने टैक्ट्रर और पुलिस जीप में आग लगा दी। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी भाग खड़ी हुई।

घटना के संबंध में बताया गया है कि संग्रामपुर प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत के कमरगामा निवासी दिवाकर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री सुबह कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान कठोर बगीचा के समीप ओवरलोड तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल डाला। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि सूचना के बाद भी पुलिस काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के देर से पहुंचे के कारण ग्रामीण और आक्रोशित हो उठे और ट्रैक्टर और पुलिस जीप को आग के हवाले कर दिया। वहीं ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी वहां से भाग निकली। बाद में स्थानीय थाना और तारापुर से वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच लोगों को शांत कराया।
