#PATNA : 10 दिसम्बर को होगा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

#BIHAR #INDIA : राजद के राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची जारी किये जाने के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 10 दिसम्बर को होना है। इसके पहले पार्टी ने रविवार को राष्ट्रीय परिषद के लगभग छह सौ सदस्यों की सूची जारी कर दी। ये सभी सदस्य पार्टी प्रमुख के नाम पर मुहर लगाएंगे।

पार्टी के सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी चितरंजन गगन ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची का अन्तिम प्रकाशन कर दिया गया है। सूची को सभी राज्यों के प्रदेश कार्यालयों के साथ दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय और पटना के कैम्प केन्द्रीय कार्यालय में भी प्रकाशित किया गया है। तीन दिसम्बर को पटना स्थित पार्टी के केन्द्रीय कैम्प कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जायेगा। नामांकन पत्रों की जांच भी उसी दिन की जायेगी। साथ ही उसी दिन शाम पांच बजे प्रत्याशियों के नामों का प्रकाशन भी कर दिया जाएगा।

गगन ने बताया कि 10 दिसम्बर को बापू सभागार में नवगठित राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। उसी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव होगा। साथ ही पार्टी का खुला अधिवेशन भी होगा। इसके एक दिन पहले यानी नौ दिसंबर को मौर्या होटल में निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रीय परिषद और महाधिवेशन में प्रस्तुत किये जाने वाले विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.