दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई अब गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ बन गए हैं। गूगल के को-फाउंडर्स लैरी पेज और सर्गी ब्रिन के इस्तीफे के बाद पिचाई को यह पद मिला है।
नए बदलावों के बाद भी सर्गी ब्रिन और दूसरे सह संस्थापक लैरी पेज कंपनी के शेयरधारक और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल रहेंगे। बता दें कि लैरी पेज और सर्गी ब्रिन दोनों ने स्टेनफॉर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया था।

गूगल के जन्म के करीब दो दशक बाद दोनों ने इस्तीफे का एलान किया है। एक साथ हुए इस दो इस्तीफे के बाद सुंदर पिचाई गूगल और अल्फाबेट दोनों के सीईओ बन गए हैं।
गूगल ने 2015 में कंपनी स्वरूप में बदलाव करते हुए अल्फाबेट को स्थापित किया था। अल्फाबेट अलग-अलग कंपनियों का एक ग्रुप है। कंपनी गूगल को वायमो वेरिली कैलिको साइडवॉक लैब और लून जैसी कंपनियों से अलग करती है।
