‘इंडियन आइडल सीजन 11’ के मोस्ट फेवरिट सिंगर सनी हिंदुस्तानी की किस्मत लगातार चमकती जा रही है। शो में अनु मलिक की जगह आए नए जज हिमेश रेशमिया ने उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा मौका देने का ऐलान किया है। ये मौका है हिमेश की धुनों पर फिल्म में एक गाना गाने का।

इंडियन आइडल के अगले एपिसोड में 90 के दशक की यादें ताजा की जाने की तैयारी है। इस एपिसोड में मशहूर सिंगर कुमार सानू और अनुराधा पौडवाल इंडियन आइडल सीजन 11 के टॉप 10 प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाएंगे। शूटिंग पर मौजूद लोग बताते हैं कि इस मौके पर सनी हिंदुस्तानी ने ‘सानू एक पल चैन’ गाने पर एक जोरदार परफॉर्मेंस देकर समा बांध दिया।
इस परफॉर्मेंस के बाद कुमार सानू मंच पर आए और उन्होंने सनी की तारीफ करते हुए आशीर्वाद के तौर पर उन्हें शगुन दिया।सनी की जोरदार परफॉर्मेंस के बाद हिट मशीन हिमेश रेशमिया भी मंच पर आए और उन्होंने घोषणा की कि वह मशहूर निर्देशक राजकुमार संतोषी की अगली फिल्म में अपने नए गाने के लिए सनी हिंदुस्तानी को साइन कर रहे हैं।
