#SIWAN : जल और हरियाली के बिना जीवन का बचना संभव नहीं – मुख्यमंत्री

#BIHAR #INDIA : चंपारण से शुरू हुई जल-जीवन हरियाली यात्रा के तीसरे दिन सीएम नीतीश कुमार गुरुवार को भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भगवानपुर कॉलेज के फील्ड में महती जनसभा को संबोधित किया। सीएम नीतीश ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए जल जीवन और हरियाली बहुत उपयोगी है। वे कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में बने हैलीपैड पर हेलीकॉप्टर से लैंड करने के बाद वे रामपुर पाण्डेय टोला के बहियारा चंवर में स्थानीय रैयतों द्वारा बेकार जमीन के कुछ भाग में जलाशय बनाकर किए जा रहे मछली पालन के कार्यों का मुआयना किया। उन्होंने किसानों द्वारा किए गए कार्यों को मॉडल के रूप में अन्य जगहों पर प्रयोग करने की बात कही।

बता दें कि बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोतिहारी में कहा था कि जल-जीवन-हरियाली अभियान मिशन मोड में चलेगा। जल और हरियाली के बिना जीवन का बचना संभव नहीं है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए पर्यावरण संबंधी चौतरफा काम किये जाएंगे। अगले तीन वषार्ें में सरकार इस पर साढ़े चौबीस हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। वे अरेराज के स्टेडियम में आयोजित जल-जीवन-हरियाली जागरूकता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से लगातार वह न्याय के साथ विकास के रास्ते पर चले हैं। जो लोग हाशिये पर थे चाहे वे दलित-महादलित हों, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़ा हों, उनके लिए लगातार बढ़िया काम किया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। बजट बढ़ा है। इतना ही नहीं सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाया। उन्होंने महिलाओं की मांग पर शराबबंदी लागू की। फिर नशामुक्ति, बाल विवाह और दहेज प्रथा के विरोध में अभियान चलाया। इस बार वे जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर आये हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.