आगामी 17 नवंबर को पार्टी कमल संदेश रैली निकालेगी, आठ लाख बाइक सवार होंगे शामिल

मेरठ । चुनावी मोड में आते हुए भाजपा ने तैयारियों का गियर बदल दिया है। पार्टी ने आगामी दो माह का रोडमैप तैयार कर लिया है। बूथ पदाधिकारियों के अभिनंदन के साथ ही कमल संदेश रैली निकाली जाएगी। हर विस में रोजाना दस किमी पैदल चलते हुए जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी लोगों तक पहुंचेगी।
17 नवंबर को आयोजन
रविवार को हाईवे स्थित मून शाइन बैंक्वेट हाल में मेरठ-लोकसभा संचालन समिति की प्रथम बैठक में मुख्य वक्ता एवं क्षेत्रीय प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बताया कि 10 से 15 नवंबर तक बूथ समितियों का अभिनंदन होगा, जिसमें सांसद व विधायक बूथ पदाधिकारियों को सम्मानित करेंगे। 17 नवंबर को एक ही दिन 80 लोकसभा क्षेत्रों में आठ लाख बाइक सवार कमल संदेश रैली निकालेंगे। जागृति विहार स्थित राष्ट्रोदय चौक पर करीब नौ सौ बाइकर्स विभिन्न मार्गों से निकलते हुए भैंसाली मैदान पर एकत्रित होंगे। एक दिसंबर को हर विस में कार्यकर्ता रोजाना करीब दस किमी पदयात्र निकालेंगे। इसकी जिम्मेदारी कमल दत्त शर्मा को दी गई है। उधर, महिला एवं अन्य मोर्चो को भी नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
आनलाइन बन रहे राशन कार्ड
प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग ने विभाग द्वारा आनलाइन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के बारे में बताया। बाट-माप विभाग ने भी आनलाइन लाइसेंस बनाना शुरू कर दिया है। कहा कि सख्ती की वजह से बोगस राशन कार्ड हटाए गए। इससे सुपात्रों को उनका अधिकारी मिल सके। मेरठ के प्रभारी वीरेंद्र सिंह सिरोही ने कहा कि कार्यकर्ता बूथस्तर पर मेहनत से काम करें, जो जीत की कड़ी बनेगा।
पारदर्शिता को लेकर संजीदा सरकार
पैक्सफेड के चेयरमैन एवं ओबीसी नेता सूर्यप्रकाश पाल ने कहा कि लंबे समय बाद प्रदेश में कोई सरकार पारदर्शिता को लेकर इतनी संजीदा है। भ्रष्टाचार के तमाम रास्ते बंद हो रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने की। मंच पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल,देवेंद्र सिंह, संजीव सिक्का, अशोक मोगा एवं विकास अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रवींद्र भड़ाना रहे। इस दौरान सभागार में विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, सत्यवीर त्यागी, डा. सोमेंद्र तोमर, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, करुणोश नंदन गर्ग, बिजेंद्र अग्रवाल, विनीत अग्रवाल शारदा, संजय त्रिपाठी, विवेक रस्तोगी, ललित नागदेव, आयुष पंवार, वीनस शर्मा, राखी त्यागी, अंजू वारियर, वर्षा कौशिक, सरला शर्मा, संगीता पंडित, आलोक सिसौदिया, गजेंद्र शर्मा आदि शामिल हुए।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.