खुद को कनाडा का मानद नागरिक बताते रहे बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने आखिरकार कनाडा का पासपोर्ट रद्द करवाने और भारतीय पासपोर्ट फिर से हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये पूरा मामला तब शुरू हुआ जब अक्षय कुमार ने केंद्र में पिछली एनडीए सरकार बनने के बाद तमाम ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू किया जो देशभक्ति से जुड़ी हुई रही हैं। फिल्म टॉयलेट एक प्रेमकथा की रिलीज के दिन यानी 11 अगस्त 2017 को अक्षय ने इस मामले को और उलझा दिया।
अंग्रेजी चैनल टाइम्स नाऊ के प्राइम टाइम कार्यक्रम में अक्षय ने खुद को कनाडा का मानद नागरिक बताया और कहा कि देशवासियों को इस पर फख्र होना चाहिए। इसी के बाद से अक्षय कुमार की नागरिकता को लेकर तमाम तरह की छानबीन शुरू हो गई।

अक्षय इससे पहले भी एक कार्यक्रम के दौरान ये पूछे जाने पर कि उनके विकीपीडिया पेज पर उनकी नागरिकता कनाडा की लिखी है, ये जवाब दे चुके हैं कि ये मानद है। अक्षय कुमार के पिछले आम चुनाव में मतदान के दौरान सक्रिय होने पर इस मामले ने फिर तूल पकड़ा और बीजेपी से उनकी निकटता को लेकर इस मामले में लगातार छानबीन होती रही है।
पाकिस्तान की मलाला युसुफजई को नोबेल पुरस्कार मिलने के बाद कनाडा की सरकार ने उन्हें अपनी मानद नागरिकता प्रदान की थी। इसके बारे में जानकारी वहां के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडेऊ की वेबसाइट पर भी मिलती है। मलाला के बारे में जानकारी वाले पेज पर ही लिखा गया कि कनाडा ने तब तक सिर्फ छह लोगों को मानद नागरिकता दी थी। और, इस लिस्ट में अक्षय कुमार का नाम शामिल नहीं है।
अक्षय कुमार का दिल्ली के एक कार्यक्रम में फिर से भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की जानकारी सार्वजनिक करना इसी क्रम में माना जा रहा है।
