#PATNA : पैसे का हिसाब नहीं देने पर सात विश्विद्यालयों की रजिस्टार त’लब

#BIHAR #INDIA : राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने दो वित्तीय वर्षों में वेतन व पेंशन मद में जारी पैसे का हिसाब नहीं देने के लिए सात परंपरागत विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को तलब किया है। विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सतीश चन्द्र झा ने सोमवार को इस बाबत पत्र भेजकर कहा है कि तय तिथि पर इस विषय पर विश्वविद्यालय के किसी जानकार प्रतिनिधि को संगत अभिलेखों का के साथ भेजें ताकि विमर्श अर्थपूर्ण हो सके। जिन विश्वविद्यालयों को पैसे का हिसाब नहीं देने के लिए तलब किया गया है उनमें मगध विवि, बीआरए बिहार विवि, जयप्रकाश विवि, वीर कुंवर सिंह विवि, बीएनमंडल विवि, एलएनएमयू और केएसडी दरभंगा शामिल हैं।

विशेष सचिव ने अपने पत्र में कहा है कि वित्तीय वर्ष 2017-18 तथा 2018-19 में राज्य के परंपरागत विश्वविद्यालयों को गैर योजनान्तर्गत वेतनादि व पेंशन मद में स्वीकृत एवं विमुक्त राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र अभी तक लंबित है। कई विश्वविद्यालयों ने त्रुटिपूर्ण उपयोगिता प्रमाण पत्र सौंपा है। इसलिए तिथिवार विश्वविद्यालयों की बैठक उच्चशिक्षा उप निदेशक दीपक कुमार सिंह के कायार्लय कक्ष में रखी गयी है। मगध व बीआरए बिहार की बैठक 10 दिसम्बर को, जयप्रकाश व वीर कुंवर सिंह विवि की बैठक 11 को, बीएन मंडल व एलएनएमयू की 12 दिसम्बर को जबकि केएसडी दरभंगा की बैठक 13 दिसम्बर को बुलायी गयी है।


Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.